भारतीय संविधान का सम्मान करते हुए गर्व करें: माली

 भारतीय संविधान का सम्मान करते हुए गर्व करें: माली

सादड़ी। भारतीय संविधान विश्व का श्रेष्ठ संविधान है, इसकी विशेषताएं अन्य के लिए भी अनुकरणीय है। हमारा संविधान हमारी पहचान है। हमें अपने संविधान का सम्मान करते हुए इस पर गर्व करना चाहिए और इसकी रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित होना चाहिए। उक्त उद्गार प्रधानाचार्य विजय सिंह माली ने स्थानीय श्री धनराज बदामिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सादड़ी में संविधान दिवस पर आयोजित विचार गोष्ठी में व्यक्त किए।
माली ने कहा कि डा भीमराव अम्बेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्मात्री सभा द्वारा तैयार भारतीय संविधान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों व जनाकांक्षाओं का दस्तावेज है। हमें अपने संविधान के आलोक में आगे बढऩा चाहिए। इस अवसर पर स्नेहलता गोस्वामी,मधु गोस्वामी व मनीषा ओझा ने भारतीय संविधान की विशेषताओं, संविधान निर्माण की गाथा और संविधान निर्माण में डाक्टर अंबेडकर की भूमिका पर प्रकाश डाला। रमेश सिंह राजपुरोहित ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। सरस्वती पालीवाल ने समस्त स्टाफ को संविधान की पालना एवं रक्षा करने की शपथ दिलवाई। मंच संचालन महावीर प्रसाद दवे ने किया। इस अवसर पर पुरुषोत्तम समेत समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इसी प्रकार राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय बारली सादड़ी में संस्था प्रधान किशन लाल माली व राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेघवालों का बड़ा बास सादड़ी में ताराचंद बोरवाल के नेतृत्व में विद्यालय स्टाफ ने संविधान दिवस पर शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान बनकर अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया गया था , अत: यह दिन प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रुप में मनाया जाता है।

अभिषेक लट्टा - प्रभारी संपादक मो 9351821776

Related post